बड़वानी। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बीते 24 घंटों के दौरान हुई असमय बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
मलफा, टेमला, भातकी, मोरतलाई और मलगांव गांवों में तहसीलदार, राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम के साथ फसलों का विस्तृत निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया और फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन किया गया। कई स्थानों पर मक्का, पपीता और केले की फसलें आंशिक से लेकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सर्वे कार्य जल्द से जल्द पूरा कर वास्तविक नुकसान का सही आंकलन किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र, पारदर्शी और नियमानुसार मुआवजा मिल सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे।