आगर मालवा। मप्र जन अभियान परिषद भोपाल के निर्देशानुसार जिला आगर मालवा में इंटर्नशिप के लिए चयनित विद्यार्थियों का प्रथम दिवस अभिमुखीकरण कार्यक्रम 19 मार्च 2026 को जिला कार्यालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज कराते हुए उन्हें डायरी लेखन की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही तीन साप्ताहिक डायरी तैयार करने की विधि तथा 12 सप्ताह की इंटर्नशिप अवधि में किए जाने वाले कार्यों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिले के चारों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान परिषद की कार्यालयीन व्यवस्था, विभिन्न योजनाओं, सीएमसीएलडीपी (CMCLDP) कार्यक्रम तथा जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को चयनित आदर्श ग्रामों एवं प्रस्फुटन ग्रामों का भ्रमण कर गतिविधियों में सहभागिता करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही नवांकुर संस्थाओं द्वारा आयोजित बैठकों में भाग लेने तथा जिला स्तर के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए भी प्रेरित किया गया। अभिमुखीकरण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।