मनासा। मनासा क्षेत्र के कुकडेश्वर-टामोटी मार्ग पर ईडर नदी पर बनने वाले जलमग्नीय पुल का भूमिपूजन शुक्रवार को संपन्न हुआ। लगभग 855.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगा।
बताया गया कि पुल निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। पुल बनने से कुकडेश्वर, पावटी, सुंडी सहित करीब 32 गांवों के लोगों को विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान आवागमन में राहत मिलेगी। बरसात के समय ईडर नदी में पानी बढ़ने पर इन गांवों का संपर्क बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाएं आवश्यक हैं। पुल निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित मार्ग मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नरेन्द्र मालवीय, जिला मंत्री टीना दड़िंग, मंडल अध्यक्ष मुकेश डांगी, विजय शर्मा, कैलाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्याम वसीटा, सरपंच गोपाल धनगर, दिनेश राठौर, लाला राठौर, पंकज छाबड़ा, डॉ. सर्वेश मारू सहित कई जनप्रतिनिधि, सरपंच, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने पुल निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।