चित्तौड़गढ़। जे.के. सीमेंट वर्क्स निंबाहेड़ा द्वारा सीएसआर के तहत आदर्श ग्राम परियोजना का शुभारंभ भारत केयर एनजीओ के माध्यम से किया गया। परियोजना के तहत कारूंडा विद्यालय में स्थापित सोलर आरओ प्लांट का उद्घाटन पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक चंद कृपलानी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, जे.के. सीमेंट समूह की सीएसआर हेड शिल्पा जायसवाल, पुलिस उप अधीक्षक बद्रीलाल राव, पूर्व प्रधान अशोक जाट, राजेंद्र सिंह शक्तावत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद कृपलानी ने कहा कि क्षेत्र के विकास में जे.के. सीमेंट हमेशा सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। सीएसआर हेड शिल्पा जायसवाल ने बताया कि आदर्श ग्राम परियोजना का उद्देश्य गांवों का समग्र विकास कर उन्हें आदर्श बनाना है।
यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल ने बताया कि परियोजना के तहत अगले तीन वर्षों में गांव में स्वच्छता, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, वृक्षारोपण, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, तालाब सौंदर्यीकरण, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट, स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आंगनवाड़ी नवीनीकरण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास जैसे कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कारूंडा सरपंच रतनलाल भील, पूर्व सरपंच शंभूलाल जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।