शहडोल। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शहडोल जोन एन. चैत्रा के आदेशों की अवहेलना करना तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया।
समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने और ड्यूटी के दौरान अनुचित वेशभूषा (जींस पहनकर पेश होने) पर कार्रवाई करते हुए तीनों को निलंबित कर दिया गया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी, रीडर शाखा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक परवेज खान और आरक्षक गौरव सिंह शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आईजी ने उप पुलिस अधीक्षकों के थाना भ्रमण और बैठक से संबंधित जानकारी मांगी थी, लेकिन संबंधित कर्मचारियों द्वारा समय पर जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। पूछताछ के दौरान प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी जींस पहनकर उपस्थित हुए, जिसे वर्दी नियमों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता माना गया।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर आईजी ने तत्काल प्रभाव से तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए उनकी मूल इकाई में वापसी के आदेश जारी किए हैं।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की सख्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।