शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के बिजौरी में अवैध रेत उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। माइनिंग टीम के आने की सूचना मिलते ही रेत से भरा ट्रैक्टर लेकर भाग रहे मजदूरों का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में ट्रैक्टर में सवार मजदूर उसकी चपेट में आ गए, जिससे 8 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायलों में अमन बैगा, दैय्या बाई, रनिया बाई, बुदनी, शनि, संतु, गणेश और सूरज शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि जिले में रेत का वैध ठेका नहीं होने के कारण नदी-नालों से अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी है। प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता के चलते इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन पर सख्ती नहीं होने से न सिर्फ हादसे बढ़ रहे हैं, बल्कि अधिकारियों पर हमलों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।