नीमच। ग्राम गिरदौड़ा में निर्माणाधीन एवरा माताजी के पास डोम का कार्य रुक जाने से ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। नाराज़ ग्रामीण आज विधायक दिलीप सिंह परिहार और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान से मिलने पहुंचे और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 15 लाख रुपए की लागत से डोम का निर्माण कार्य चल रहा था और करीब 25 प्रतिशत कार्य पूरा भी हो चुका था, लेकिन अचानक काम रोक दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर विधायक द्वारा निर्माण कार्य रुकवाया गया, जबकि यह कार्य गांव की सहमति से शासकीय भूमि पर कराया जा रहा था।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्माण स्थल पर पड़ी रोड़ी को भी आपसी सहमति से हटवा दिया गया था ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। इसके बावजूद काम बंद कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब दो घंटे तक विधायक से मिलने का प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया गया, जिससे नाराज़गी और बढ़ गई। वहीं, उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वर्तमान स्थान पर डोम का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया गया, तो विधायक का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी भाजपा समर्थक हैं, इसके बावजूद उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर गिरदौड़ा गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है।