मंदसौर। शहर में ईद-उल-फितर का पावन पर्व शनिवार को हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह करीब 9:15 बजे खानपुरा स्थित ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाजी एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। इस दौरान शहर काजी आसिफ उल्लाह खान ने नमाज की इमामत की।
नमाज के दौरान सभी नमाजियों ने देश में अमन-चैन, शांति और समृद्धि की दुआ मांगी। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
रमजान के पूरे 30 दिनों तक मुस्लिम समाज के लोगों ने रोजे रखकर इबादत की। भूखे-प्यासे रहकर अल्लाह की बंदगी करने के बाद ईद का यह खास दिन खुशियों का पैगाम लेकर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह देखने को मिला।
ईद के अवसर पर शहर की प्रमुख मस्जिदों नयापुरा गौसिया मस्जिद, मदीना मस्जिद, बिलाल मस्जिद, नाहर सैयद दरगाह मस्जिद और मदारपुरा मस्जिद सहित विभिन्न क्षेत्रों की मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई।
खानपुरा ईदगाह में नमाजियों की भारी भीड़ के कारण जगह कम पड़ गई, जिसके चलते कई लोगों ने सड़कों पर जानमाज बिछाकर नमाज अदा की।
शहर काजी आसिफ उल्लाह खान ने ईद के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। साथ ही देश में शांति और सद्भाव बना रहे, इसके लिए विशेष दुआ की गई।