प्रतापगढ़। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर प्रतापगढ़ में वन विभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वनकर्मियों ने जंगल में लगने वाली आग को बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया, जिससे आमजन को वन विभाग की कार्यप्रणाली और आग नियंत्रण के तरीकों से अवगत कराया जा सके।
जंगल में लगने वाली आग थीम पर हुआ कार्यक्रम
यह कार्यक्रम वन विभाग की करमदिया नर्सरी में हुआ, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम की मुख्य थीम श्जंगल में लगने वाली आगश् थी। उपवन संरक्षक सुरेश कुमार अग्रवाल सहित वन विभाग के कई अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
उपवन संरक्षक सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया- गर्मी के मौसम में प्रतापगढ़ जिले के जंगलों में आग लगने की कई घटनाएं होती हैं, जिससे जंगलों को भारी नुकसान पहुंचता है। इन घटनाओं को रोकने और उन पर नियंत्रण पाने के लिए वन विभाग निरंतर प्रयासरत है।
आग बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया
इसी उद्देश्य से वन सुरक्षा समितियों के सदस्यों और वनकर्मियों को जागरूक करने के लिए आग बुझाने के तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसमें नर्सरी में आग लगाकर ब्लोअर से ट्रेंच बनाने, पारंपरिक और आधुनिक तरीकों से आग बुझाने का प्रदर्शन शामिल था। अधिकारियों ने आमजन से जंगल बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने में सहयोग करने का आह्वान किया।