देवास। ईद के पावन अवसर पर देवास जिला जेल में इंसानियत और संवेदनशीलता की अनोखी मिसाल देखने को मिली। जहां एक ओर त्योहार के चलते चार दिन की छुट्टियां थीं, वहीं जेल प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए बंदियों की मुलाकात जारी रखी।
जेल अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद ने स्वयं मौजूद रहकर बंदियों और उनके परिजनों से मुलाकात कराई और बंदियों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान जेल परिसर में भावुक और खुशी भरे पल देखने को मिले। लंबे समय बाद अपनों से मिलकर कई बंदी भावुक हो उठे, वहीं परिजनों के चेहरों पर भी सुकून और खुशी साफ झलकी।
परिजनों ने इस पहल के लिए जेल अधीक्षक का आभार जताते हुए उन्हें “फरिश्ता” तक कहा। उनका कहना था कि ईद जैसे बड़े त्योहार पर अपने प्रियजनों से मिलना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। इस पहल ने यह एहसास दिलाया कि व्यवस्था के बीच भी इंसानियत जिंदा है।
जेल प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान बंदियों की भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि वे अपने परिवार से जुड़े रह सकें और सकारात्मक माहौल बना रहे।