नीमच। संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय म.प्र. भोपाल के पत्र क्रमांक सांदीपनि/अकादमिक-46/2025-26/833, भोपाल दिनांक 12 मार्च 2026 के परिपालन में नवीन भवन निर्माण नहीं होने के कारण सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय में प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया घोषित की गई है।
जारी सूचना के अनुसार कक्षा पहली में प्रवेश के लिए निकटस्थ क्षेत्र में निवासरत पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो प्रवेश का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। अन्य कक्षाओं में रिक्तियां होने की स्थिति में निकटस्थ शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पात्रता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश हेतु आवेदन पत्र 23 मार्च से 28 मार्च 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा किए जा सकेंगे। यदि प्राप्त आवेदन पत्रों की संख्या रिक्त सीटों से अधिक होती है, तो चयन के लिए 30 मार्च 2026 को दोपहर 1:00 बजे लॉटरी निकाली जाएगी। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से निर्धारित तिथि एवं समय में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।