चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की मांग पर राजस्थान सरकार द्वारा बजट घोषणा में इंदिरा गांधी स्टेडियम, चित्तौड़गढ़ में खिलाड़ियों के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक स्वीकृत किए जाने पर जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा शनिवार को विधायक आक्या का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया गया।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सूर्य प्रकाश गर्ग ने बताया कि चित्तौड़गढ़ में रनिंग ट्रैक के अभाव में खिलाड़ियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने विधायक आक्या को समस्या से अवगत कराया था। इस पर विधायक आक्या ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर जिला मुख्यालय पर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक स्थापित करने की मांग की थी।
विधायक की पहल पर राज्य सरकार ने बजट घोषणा में 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
शनिवार को एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने विधायक आक्या के जनसुनवाई केंद्र पर पहुंचकर उनका साफा पहनाकर एवं उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया तथा आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष सोमेश त्यागी, संयुक्त सचिव कमल सिंह चुंडावत, वरिष्ठ खिलाड़ी अजयपाल सिंह झालाण, लोकेन्द्र सिंह शक्तावत, राकेश माली, कुलदीप सिंह, शुभम शर्मा, धर्मपाल, रविराज सिंह, राहुल सिंह कानावत, विजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, हर्षराज सिंह राणावत सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।