मनासा। नगर सहित क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। शनिवार सुबह नीमच रोड स्थित ईदगाह में शहर काजी एवं जामा मस्जिद के इमाम अरमान रजा कादरी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज में मनासा नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल हुए।
नमाज के बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की गई। इसके पश्चात जलसा निकाला गया, जो ईदगाह से प्रारंभ होकर नीमच नाका, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, सदर बाजार होते हुए जामा मस्जिद पहुंचकर समाप्त हुआ।
त्योहार को देखते हुए प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई। इस दौरान तहसीलदार मुकेश निगम, पटवारी मुकेश पाटीदार, थाना प्रभारी रघुवंशी एवं पुलिस स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
अंजुमन कमेटी के सदर जाहिद खान के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया। अंत में अंजुमन कमेटी की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया गया।