नीमच। शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा के दो छात्रों का नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयन होने पर गांव में खुशी का माहौल है। यह सफलता प्रधानाध्यापक सिद्धूलाल पुरोहित द्वारा किए जा रहे शैक्षिक नवाचार एवं विशेष तैयारी कक्षाओं का परिणाम बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कक्षा पांचवीं के छात्र राहुल भील और कंवरलाल भील ने मेरिट में स्थान प्राप्त कर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए चयन प्राप्त किया है। विद्यालय में नवोदय परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
प्रधानाध्यापक सिद्धूलाल पुरोहित द्वारा विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से “सांदीपनी पुरस्कार” योजना भी संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत कक्षा पांचवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम आने तथा नवोदय में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को 1000 रुपये नगद एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी ढोलपुरा विद्यालय के छात्र-छात्राएं नवोदय विद्यालय में चयनित हो चुके हैं। लगातार मिल रही सफलता से गांव में उत्साह का वातावरण है तथा शासकीय विद्यालय के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।
प्रधानाध्यापक ने चयनित दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।