भिंड। जिले के लहार विधायक अम्बरीश शर्मा अपनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि जनता की लड़ाई 35 साल से लड़ता आ रहा हूं। आज भी तीन प्रमुख मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर जनता के साथ उतरा हूं।
कांग्रेस नेता पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के परिवारजन के नाम से जो कोठी है, उसमें सरकारी रास्ता है। यह रास्ता दलित पिछड़ी बस्ती का है। अनुसूचित जाति के लोग पिछले 595 दिन से रास्ते की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, परंतु कोई भी सरकारी अफसर इन आंदोलनकारियों की बात सुनने नहीं आया।
लिखित में आश्वासन मांगने पर धरना समाप्त करने बोले
विधायक ने कहा यदि सरकारी रास्ते को लेकर नापतौल गलत हुई है और पूर्व नेता प्रतिपक्ष की कोठी सरकारी रास्ते पर नहीं है, तो लिखकर दीजिए और यह धरना समाप्त कराया जाए। यदि सरकारी रास्ते पर कोठी का निर्माण हुआ है, तो रास्ता क्यों नहीं खुलवाया जा रहा है।
इन लोगों की जो मांग है, वह पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि
सरकार की मंशा को कुछ कांग्रेसी मानसिकता के लोग पलीता लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जनता तक नहीं पहुंच रही हैं। दूसरे मुद्दे पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लहार क्षेत्र में बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक का रवैया तानाशाही है। उन्होंने कहा कि उप महाप्रबंधक क्षेत्र की जनता के साथ दबंगई कर रही हैं। लोग अपनी समस्या लेकर जाते हैं तो वह डराती-धमकाती हैं और अभद्र व्यवहार करती हैं।
उनकी मानसिकता कांग्रेसी विचारधारा जैसी है। उन्होंने कहा कि उप महाप्रबंधक को हटाने और जनता के साथ न्याय करने के लिए वे ऊर्जा मंत्री से भी मिल चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी दिल्ली में मुलाकात कर चुके हैं। उन्हें बता चुके हैं कि ऊर्जा मंत्री उप महाप्रबंधक को नहीं हटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया जी ने भी आश्वासन दिया है। जनता सोचती है कि मेरी विधायक बात नहीं सुन रहे हैं, लेकिन मैं जनता के साथ हूं और उनकी लड़ाई लड़ता रहूंगा।
क्षेत्र की जनता 35 साल से कांग्रेसियों का अत्याचार सहन करती आई है, अब ऐसा नहीं होने दूंगा।