शाजापुर। जिले के चौकी हिदायतपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ‘अटल ज्योति’ ट्रांसफार्मर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई।
धमाके के बाद ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं और काले धुएं का गुबार आसमान में दूर तक दिखाई दे रहा था। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
इस ट्रांसफार्मर में आग लगने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।
गनीमत रही कि विस्फोट के समय ट्रांसफार्मर के पास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन को मौके पर बुलाया गया। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और विभाग द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है।