नीमच। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री जीण माता भक्त मंडल द्वारा आयोजित मंगल पाठ एवं भक्ति कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ।
आयोजन के तहत जीण माता का दिव्य दरबार आकर्षक सजावट, पुष्प श्रृंगार एवं अखंड ज्योत से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया। मंगल पाठ के दौरान भजनों, नाम जप एवं कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
महाआरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने माता जी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर 108 मनकों के नाम जप की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें श्रद्धालु पूर्ण भक्ति भाव से शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में मंडल के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। महिला मंडल की महिलाओं ने भी भक्ति भाव से व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और समर्पण का सुंदर समन्वय देखने को मिला।