मंदसौर। सहायक श्रम आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीबद्ध निर्माण श्रमिकों के पुत्र-पुत्रियों के लिए संचालित “सुपर 5 हजार” योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं परीक्षा के प्रथम 5 हजार तथा 12वीं कक्षा में संकायवार प्रथम 5 हजार विद्यार्थियों की प्रावीण्य सूची श्रम सेवा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को मंडल द्वारा एकमुश्त 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
पात्र निर्माण श्रमिकों की संतानों को विद्यालय के माध्यम से निर्धारित आवेदन पत्र 31 मार्च 2026 तक प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन के साथ निर्माण श्रमिक का पोर्टल जनरेटेड परिचय पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, संस्था प्रमुख द्वारा जारी अध्ययनरत प्रमाण पत्र तथा अंकसूची की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
अधिक जानकारी के लिए संबंधित विद्यालय अथवा श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।