बुरहानपुर। जिले के गणपति क्षेत्र में तहसीलदार ने बड़ी कार्रवाई कर सामुदायिक भवन पर किए अवैध कब्जे को मुक्त करवाया। इसके बाद एमागिर्द पंचायत को हैंड ओवर कराया गया। 2003 से इसमें निजी स्कूल संचालक चलाया जा रहा था।
दरअसल, एमागिर्द पंचायत में 2003 में पूर्व विधायक हमीद काजी ने विधायकनिधि से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया था। लेकिन कई सालों से यह भवन लापता हो चुका था। कई दिनों की जांच के बाद पंचायत और तहसीलदार को पता चला कि शहर की निजी निमाड़ वेली स्कूल में बने भवन में सामुदायिक भवन के दो कमरे बने हुए हैं।
मामले की सूचना पर सोमवार को तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर भवन को कब्जे में लिया। पंचनामा बनाकर सामुदायिक भवन के दो कमरों को पंचायत को हैंडओवर किया गया। यह स्कूल पूर्व विधायक हमीद काजी के बेटे नूर काजी की है।
पंचायत का कहना है कि 2003 से लेकर आज तक किराया भी वसूली की कार्रवाई की जाएगी। जब स्कूल संचालक नूर काजी से चर्चा की गई तो उन्होंने इस कार्रवाई की अवैधानिक बताते हुए न्यायालय की शरण मे जाने की बात कही।
इस संबंध तहसीलदार से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा, ‘सामुदायिक भवन पर अवैध कब्जा करने की कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। इसी के चलते आज कार्रवाई करते हुए भवन कब्जे में लेकर पंचायत को हैंडओवर किया गया है।