नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को सिटी फोरलेन निर्माण मार्ग पर बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए कब्जे हटाए गए। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय से नवीन न्यायालय परिसर तक लगी अवैध गुमटियों को हटाकर जप्त किया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 10 से 12 अवैध गुमटियों को हटाया और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। लंबे समय से इस क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कब्जा कर गुमटियां संचालित की जा रही थीं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा फोरलेन निर्माण कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

नगर पालिका के राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका की इस कार्रवाई को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
