देवास। सोमवार को मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के बैनर तले 500 से अधिक कोटवारों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिला अध्यक्ष अंबाराम मालवीय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से कोटवारों को वर्दी, जूते, टॉर्च, बैटरी और बेल्ट के लिए मिलने वाली राशि का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि यह राशि सीधे कोटवारों के बैंक खातों में जमा की जाए, ताकि वे अपनी सुविधा अनुसार वर्दी बनवा सकें।
पूर्व सीएम शिवराज के आदेशों का हवाला
ज्ञापन में कोटवारों ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जारी आदेशों का हवाला दिया। उन्होंने वर्दी के लिए वार्षिक राशि देने, सेवा मुक्त होने पर 1 लाख रुपए की सहायता राशि और वारिस को नियुक्ति देने के निर्णय को लागू करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, कोटवारों ने सीयूजी मोबाइल सिम और उसके नियमित रिचार्ज, स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ, किसान कार्ड सुविधा, सेवा भूमि पर नाम दर्ज करने तथा फसल पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
कोटवारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।