चित्तौड़गढ़। राजस्थान ग्रामीण विकास परिषद (राजीविका) चित्तौड़गढ़ द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम सोमवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक आक्या ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नवीन प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की अधिकांश योजनाएं अब ऑनलाइन माध्यम से संचालित हो रही हैं, ऐसे में स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं को टैबलेट उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी साधनों के उपयोग से समूह की महिलाएं और बेहतर कार्य कर सकेंगी तथा योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।
राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) रमेश चंद्र धाकड़ ने बताया कि राजीविका के अंतर्गत पिछले 5दृ6 वर्षों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कैडर को सरकार द्वारा टैबलेट प्रदान किए जा रहे हैं। सोमवार को चित्तौड़गढ़ ब्लॉक की 10 कैडर को टैबलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र झंवर, डीपीएम रमेश चंद्र धाकड़, उपनिदेशक उद्यान डॉ. शंकर लाल जाट, सहायक निदेशक उद्यान जोगेंद्र सिंह राणावत सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।