शाजापुर। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उकावता से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जंगली जानवर के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उकावता निवासी असलम खां पिता नत्थू खां हर दिन की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के समीप स्थित खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे एक जंगली सुअर ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, असलम खां जब खेत के पास मवेशी चरा रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपे जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि असलम को संभलने का मौका ही नहीं मिला। सुअर ने अपने नुकीले दांतों से असलम के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए। असलम के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिन्हें देख सुअर जंगल की ओर भाग निकला।