प्रतापगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घंटाली की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण जिला कलेक्टर अंजली राजोरिया, जिला परिषद सीईओ पर्वत सिंह चूड़ावत, एडीएम विजयेश पंड्या तथा जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल द्वारा लैपटॉप पर बटन दबाकर किया गया।
विद्यालय को डिजिटल रूप से उन्नत बनाने की इस पहल की परिकल्पना जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल के निर्देशन में की गई। उनके मार्गदर्शन में उप प्रधानाचार्य दीपक पंचोली के सहयोग से बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक अंशुल शर्मा द्वारा वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का डिजाइन और विकास किया गया।
जिला कलेक्टर अंजली राजोरिया ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक पारदर्शी एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तकनीकी पहल को शिक्षा विभाग की सराहनीय उपलब्धि बताया तथा अंशुल शर्मा के कार्य की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बताया गया कि आगामी 25 मार्च को विद्यालय के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम इसी वेबसाइट और ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। छात्र एवं अभिभावक घर बैठे ही परीक्षा परिणाम देख सकेंगे तथा अंकतालिका डाउनलोड भी कर सकेंगे।
ऐप में विद्यार्थियों के प्रत्येक टेस्ट, अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षा के अंक प्रदर्शित होंगे, साथ ही पूरक एवं अनुत्तीर्ण विषयों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त विद्यालय से संबंधित सूचनाएं, स्टाफ की जानकारी तथा विद्यालय की सुविधाओं का विवरण भी इस डिजिटल मंच पर उपलब्ध रहेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल ने बताया कि इस प्रयोग की सफलता के बाद आगामी सत्र में इस नवाचार को ब्लॉक एवं जिला स्तर पर विस्तार देने की योजना है।