नीमच। जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को जीरन एवं चीताखेड़ा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान तीन फर्मों की जांच करते हुए कुल 11 खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कार्रवाई की।
टीम ने श्री कृष्ण कन्हैया दूध डेरी, जीरन का निरीक्षण कर विक्रय हेतु रखे मिश्रित दूध के 2 नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, एफएसएसएआई प्रशिक्षण प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने तथा साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया।
इसी प्रकार शांभवी फूड्स, जीरन का निरीक्षण कर शांभवी घी, घी निर्माण हेतु रखी क्रीम तथा मूंगफली तेल, सरसों तेल एवं तिल्ली तेल सहित कुल 5 नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके पर साफ-सफाई की कमी तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
वहीं शर्मा सेल्स एजेंसी, चीताखेड़ा से विक्रय हेतु रखे साबूदाना, मसूर दाल, मूंगदाल छिलका एवं चना दाल के 4 नमूने जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ईदगाह हिल्स भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी खाद्य व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का पालन करने तथा स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिलेभर में ऐसे आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।