शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना की अध्यक्षता में वर्ष 2026-27 के लिए छठे चरण में निष्पादन से शेष रहे 18 एकल समूहों के संबंध में संभावित लाइसेंसियों एवं कार्यपालक स्टाफ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शेष मदिरा दुकानों के निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले की निष्पादन से शेष रही 41 कम्पोजिट मदिरा दुकानों में से 18 एकल समूहों का निष्पादन किया जाना है। इस संबंध में उपस्थित संभावित लाइसेंसियों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बैठक के दौरान शासन के निर्णय से अवगत कराते हुए बताया गया कि आगामी चरण में वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित आरक्षित मूल्य से 10 प्रतिशत तक कम दर पर प्राप्त ऑफर स्वीकार किए जा सकेंगे।
कलेक्टर ने कार्यपालक स्टाफ को निर्देश दिए कि संभावित लाइसेंसियों से संपर्क कर शेष दुकानों के निष्पादन के लिए प्रभावी प्रयास करें, ताकि निर्धारित रिजर्व प्राइस से अधिकतम 10 प्रतिशत कम दर पर भी दुकानों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सहायक जिला आबकारी अधिकारी बबीता शिंदे, आबकारी उपनिरीक्षक पंकज जैन, आबकारी उपनिरीक्षक मीनाक्षी बोरदिया, लाइसेंसधारी उपस्थित रहे। वहीं उपायुक्त आबकारी उड़ानदस्ता उज्जैन हर्षवर्धन राय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।