नीमच। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर पालिका परिषद नीमच सक्रिय हो गई है। नपा अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
सोमवार को नपा अध्यक्ष चोपड़ा ने स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित के साथ विजय टाकीज चौराहे से कमल चौक तक चल रहे रात्रिकालीन सफाई अभियान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक को मुख्य मार्ग के साथ-साथ पुस्तक बाजार, बोहरा गली, दाना गली, नायका ओली सहित आसपास की गलियों में भी नियमित और पर्याप्त सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने दुकानदारों को सड़क पर कचरा नहीं फेंकने की समझाइश देते हुए कहा कि सभी व्यापारी अपनी दुकानों पर कचरा पात्र रखें तथा गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित कर कचरा वाहन में ही डालें।
अध्यक्ष के निर्देश पर तत्काल सफाई गैंग की तीनों टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजकर विशेष सफाई करवाई गई। विजय टाकीज से कमल चौक तक डिवाइडर एवं आसपास के क्षेत्र की प्रेशर मशीन से धुलाई भी करवाई गई।
इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेंघट, गैंग प्रभारी दीपक गौहर, आकाश सौदे सहित नगर पालिका का स्टाफ उपस्थित रहा।