मनासा। नगर परिषद मनासा का साधारण सम्मेलन 23 मार्च 2026 को परिषद सभाकक्ष में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी ने की। बैठक में उपाध्यक्ष किशोर जैन, विधायक प्रतिनिधि नरेन्द्र टांक, पार्षदगण, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 49 प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 4 करोड़ 85 हजार 959 रुपये का आय बजट तथा 4 करोड़ 50 हजार रुपये का व्यय बजट प्रस्तावित किया गया, जिसमें 35 हजार 959 रुपये की बचत दर्शाई गई। साथ ही संचित निधि में 5 प्रतिशत राशि रखने का प्रावधान भी किया गया।
बैठक में अमृत 2.0 योजना, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा नामांतरण के 220 प्रकरणों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने आभार व्यक्त करते हुए अध्यक्ष की अनुमति से बैठक समाप्त की।