नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम भंवरासा और पालसोड़ा के किसानों ने ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल का मुआवजा अब तक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। किसानों ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर जल्द से जल्द मुआवजा राशि दिलाने की मांग की है।
किसानों ने बताया कि 1 फरवरी 2026 को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से पटवारी हल्का नंबर 18 और 19 के अंतर्गत आने वाले खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह खराब हो गई थी। बारिश और ओलों की मार से गेहूं एवं अन्य फसलें चौपट हो गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों का कहना है कि घटना के बाद प्रशासन द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया था तथा फसल नुकसान का सर्वे भी कराया गया था, लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मुआवजा राशि किसानों के खातों में जमा नहीं हुई है।
किसानों ने बताया कि फसल नष्ट होने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है और परिवार का पालन-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में समय पर मुआवजा नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ती जा रही है।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मुआवजा नहीं मिला तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता नहीं मिलना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।