अशोकनगर मुंगावली। विधानसभा क्षेत्र में खेल और उत्साह का महासंगम देखने को मिल रहा है। मुंगावली विधायक के सुपुत्र एवं ज्ञानालय परिवार के मुखिया अर्जुन सिंह यादव द्वारा लगातार चौथी बार आयोजित चतुर्थ अर्जुन कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार शाम जेल तालाब मैदान पर विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया का नगर में प्रथम आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
मैदान पर जमी सिंधिया-यादव की जोड़ी
टूर्नामेंट के शुभारंभ के दौरान मैदान पर एक बेहद दिलचस्प नजारा देखने को मिला जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया। महाआर्यमन सिंधिया क्रिकेट की पिच पर बल्लेबाजी करने उतरे वहीं दूसरी ओर आयोजक अर्जुन सिंह यादव ने खुद गेंद थामी और गेंदबाजी की। सिंधिया के शानदार शॉट्स और अर्जुन की गेंदबाजी ने टूर्नामेंट की शुरुआत को यादगार बना दिया। मैदान श्महाराजश् और श्अर्जुन भैया के नारों से गूंज उठा।
ज्ञानालय परिवार का अनूठा प्रयास
विधायक पुत्र अर्जुन सिंह यादव और उनके ज्ञानालय परिवार द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट अब मुंगावली की पहचान बन चुका है। लगातार चौथे वर्ष आयोजित हो रहे इस क्रिकेट महाकुंभ में मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की 180 से अधिक टीमें हिस्सा ले रही हैं। अर्जुन सिंह यादव ने इस मौके पर कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करना है।
नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा
पहली बार मुंगावली पहुंचे महाआर्यमन सिंधिया का स्वागत किसी उत्सव जैसा रहा। शहर के मुख्य चौराहों पर भव्य मंच लगाकर उन पर पुष्पवर्षा की गई। युवाओं और कार्यकर्ताओं में अपने चहेते युवा नेता के साथ सेल्फी लेने की जबरदस्त होड़ दिखी। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ पूरे शहर का माहौल सिंधियामय नजर आया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, ज्ञानालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट्स) में होने वाले इस नाइट टूर्नामेंट को लेकर ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।