उज्जैन। विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने लीज नियमों का उल्लंघन करने पर महाकाल मंदिर से सटे बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 मकान, रेस्ट हाउस, होटल को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। जबकि एक स्कूल को भवन खाली करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
दो पोकलेन, चार जेसीबी, पांच डंपर लेकर जिला प्रशासन, यूडीए, नगर निगम सहित पुलिस के 200 अधिकारी-कर्मचारी सुबह 8 बजे से पहले मौके पर पहुंच गए थे। यूडीए के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई सभी अतिक्रमण हटने तक जारी रहेगी। इस दौरान 45 प्लाट पर बने 90 स्ट्रक्चर हटाए जाने हैं। बता दें कि कुल 58 अतिक्रमण हैं, जिनमें से 42 को पहले हटाया जा चुका है। 16 स्ट्रेक्चर को हटाना है।
एक हफ्ते पहले दिए थे नोटिस
सरताज खान, खान मोहम्मद, मोहम्मद अनिज, ताहेर अली मोहम्मद यूनुस, हिना खान, मोहम्मद सलीम, अब्दुल हामिद, वारिस बेग, शाहनवाज खान, न्यू सावन पैलेस होटल, राज गेस्ट हॉउस, होटल नसीब सहित होटल डाइमंड के संचालक को एक हफ्ते पहले ही यूडीए ने मकान और होटल खाली कराने के नोटिस दिए थे।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण
नोटिस के बाद भी किसी ने भी अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद मंगलवार सुबह यूडीए की टीम सहित अन्य अमले ने कार्रवाई शुरू करते हुए मकानों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया।