नीमच। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय नीमच में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दिलीप सिंह परिहार ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में टीबी मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में 7 दिसंबर 2024 से 100 दिवसीय “निक्षय शिविर अभियान” चलाया गया। अभियान के अंतर्गत 1,34,178 के लक्ष्य के विरुद्ध उच्च जोखिम समूह जैसे डायबिटीज मरीज, कम बीएमआई वाले व्यक्ति, धूम्रपान करने वाले, शराब का सेवन करने वाले, पूर्व टीबी मरीज एवं उनके परिवारों की व्यापक स्क्रीनिंग की गई। जिले में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग पूर्ण करने पर राज्य स्तर पर जिले को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। अभियान के दौरान कुल 1,97,129 संभावित टीबी लक्षण वाले व्यक्तियों की जांच की गई।
साथ ही हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शिविर लगाकर एक्स-रे किए गए तथा नॉट मशीन से मरीजों के स्पुटम की जांच की गई। जांच के दौरान 2,400 टीबी मरीज चिन्हित किए गए, जिनका उपचार कर उन्हें टीबी से मुक्त किया जा चुका है। जिले में पिछले तीन वर्षों में कुल 162 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि 24 मार्च 2026 से पुनः 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके अंतर्गत नए टीबी मरीजों की पहचान कर उनका समुचित उपचार किया जाएगा।