मनासा। मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के साथ-साथ नीमच जिले एवं मनासा विधानसभा क्षेत्र में भी विद्यारंभ प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा कार्यक्रम के तहत बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में नगर परिषद मनासा के वार्ड क्रमांक 02 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विद्यारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे बच्चों को प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना एवं अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि विद्यारंभ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि विकसित होती है और आंगनवाड़ी स्तर से ही मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार किया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर परिषद मनासा के वार्ड क्रमांक 05 के पार्षद प्रतिनिधि लालाचंद राठौर, वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद प्रतिनिधि दिनेश राठौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।