शाजापुर। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत एक संवेदनशील पहल करते हुए स्वर्गीय प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि एक्सीडेंटल मृत्यु बीमा क्लेम के रूप में उनकी धर्मपत्नी पवित्रा परमार को दी गई।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाजापुर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत की उपस्थिति में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों द्वारा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार का 22 अगस्त 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से एक्सीडेंटल मृत्यु बीमा क्लेम का प्रकरण तैयार कर भुगतान के लिए भेजा गया था, जिसका निराकरण होने के बाद यह राशि स्वीकृत की गई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक शरद शर्मा एवं सहायक प्रबंधक आशिक भारती, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय देवास द्वारा पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में स्वर्गीय प्रधान आरक्षक की धर्मपत्नी को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने स्वर्गीय प्रधान आरक्षक की कर्तव्यनिष्ठ सेवा को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सदैव संवेदनशील है तथा इस प्रकार की योजनाओं के माध्यम से दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सहयोग प्रदान किया जाता है।
पुलिस विभाग द्वारा संचालित सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए पुलिस कर्मियों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे कठिन समय में परिवार को सहारा मिल सके।