नीमच। केंट थाना प्रभारी टीआई नीलेश अवस्थी के स्थानांतरण के बाद उनकी विदाई का अनोखा अंदाज पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। मनासा थाना में तबादला होने पर जब वे केंट थाने से रवाना हुए तो घोड़े पर सवार होकर फूलों की मालाओं से लदे हुए निकले। इस अनोखी विदाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, वहीं पूरे कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आमतौर पर पुलिस अधिकारियों की विदाई सादगी से होती है, लेकिन इस बार का दृश्य अलग ही नजर आया। सर्राफा एसोसिएशन, ईदगाह कमेटी एवं थाना स्टाफ ने मिलकर टीआई अवस्थी को सम्मानपूर्वक विदाई दी। समर्थकों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और घोड़े पर बैठाकर रवाना किया, जिससे यह विदाई यादगार बन गई।
इस संबंध में टीआई नीलेश अवस्थी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान सर्राफा एसोसिएशन से संबंधित चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया, ईद के अवसर पर बेहतर पुलिस व्यवस्था की गई तथा थाना स्टाफ को भी कई पुरस्कार प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही यह संभव हो पाया, इसलिए लोगों ने स्नेहपूर्वक यह सम्मान दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में घुड़सवार बल की परंपरा रही है, इसलिए घोड़े पर विदाई लेना उन्हें उचित लगा।
इधर, जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार केंट थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी को मनासा स्थानांतरित किया गया है, जबकि सौरभ शर्मा को केंट थाना प्रभारी बनाया गया है तथा मनासा टीआई शिव रघुवंशी को लाइन अटैच किया गया है।
हालांकि थाना प्रभारियों के इस फेरबदल से ज्यादा चर्चा टीआई अवस्थी की अनोखी विदाई को लेकर रही। नीलेश अवस्थी को जिले के तेज-तर्रार अधिकारियों में गिना जाता है और उनकी कार्यशैली के कारण ही उनकी विदाई भी खास बन गई, जिसकी चर्चा पूरे नीमच जिले में हो रही है।