मंदसौर। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम मंदसौर में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की 205 ग्राम पंचायतों को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त घोषित करते हुए सरपंचों, सचिवों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अदिति गर्ग, विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, मेडिकल कॉलेज डीन, सीएमएचओ डॉ. चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से मंदसौर जिले ने टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और निरंतर अभियान के कारण ही 205 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा सका है।
विधायक विपिन जैन ने कहा कि जिले की 205 ग्राम पंचायतों का टीबी मुक्त होना गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों को शासन द्वारा प्रति माह 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मंदसौर जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि पंचायत स्तर पर डोर-टू-डोर सर्वे, नियमित जांच और समय पर उपचार के कारण यह सफलता मिली है। पहले टीबी को लेकर लोगों में भय था, लेकिन अब जागरूकता और बेहतर इलाज से स्थिति में बड़ा सुधार आया है।
नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने कहा कि सरकार के संकल्प और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से टीबी जैसे गंभीर रोग पर नियंत्रण संभव हुआ है और देश टीबी मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्ति संकल्प पत्र का विमोचन किया गया तथा उपस्थित सभी लोगों को टीबी मुक्त मंदसौर बनाने की शपथ दिलाई गई। अंत में नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं कलेक्टर अदिति गर्ग ने टीबी मुक्त भारत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।