देवास। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा आज देवास पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में चल रही पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल स्थानीय नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर का संकट है, जिसका असर हर जगह देखने को मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में भारत सरकार लगातार बेहतर व्यवस्था बनाने में जुटी हुई है और हम देश के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं कि संकट के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस स्थिति में धैर्य बनाए रखें, क्योंकि प्रशासन द्वारा हालात सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति को जल्द सामान्य किया जाएगा। साथ ही जिला कलेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा करें और संचालकों के साथ बैठक कर समस्या का त्वरित समाधान निकालें।
उपमुख्यमंत्री के इस बयान से जहां एक ओर लोगों को राहत की उम्मीद जगी है, वहीं आम जनता अब जल्द हालात सामान्य होने का इंतजार कर रही है।