नीमच। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की चल रही चर्चाओं के बीच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और तेल कंपनियों द्वारा नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।
कलेक्टर ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारियों से चर्चा के बाद यह पुष्टि हुई है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई लगातार जारी है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। जिले में सभी पेट्रोल पंपों पर तेल कंपनियों द्वारा नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और आगे भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।