नीमच जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच बुधवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग एहतियात के तौर पर अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में सामान्य से अधिक पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, कई लोग खेतों में उपयोग होने वाली मशीनों के लिए कुप्पियों में डीजल-पेट्रोल भरवाने भी पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें कुप्पियों में डीजल नहीं मिल पा रहा है। बीती रात लगभग 12 बजे तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं, वहीं आज सुबह 5 बजे से ही लोग ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे।
अचानक बढ़ी मांग के कारण जिले के कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक समाप्त होने जैसी स्थिति बनी, हालांकि अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि तेल कंपनियों से चर्चा के अनुसार जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आगे भी नियमित आपूर्ति जारी रहेगी। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी आर.एन. दिवाकर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाएं।
प्रशासन ने कहा कि अनावश्यक रूप से अधिक ईंधन भरवाने से कृत्रिम कमी की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी नागरिक संयम रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।