प्रतापगढ़। जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले में कुल 67 पेट्रोल पंप संचालित हैं और सभी पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध है।
विभिन्न तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है।
जिला प्रशासन एवं रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता या घबराहट की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जिले में सुचारू व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रह (स्टॉकिंग) न करें, क्योंकि इससे कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।