नीमच। जिले की सभी शालाओं में प्रवेश के योग्य शत-प्रतिशत बच्चों को एक अप्रैल से प्रारंभ हो रहे नए शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस से ही स्कूल में प्रवेश दिलाना सुनिश्चित किया जाए। एक अप्रैल को सभी शालाओं में पालक-शिक्षक बैठक आयोजित कर पालकों को लक्षित बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए तथा सहमति पत्र प्राप्त कर टीकाकरण करवाया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों में भी सभी पात्र बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
ये निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, सभी एसडीएम तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र की पंचायतों में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें तथा शत-प्रतिशत बच्चों को स्कूल एवं आंगनवाड़ी में प्रवेश दिलाएं।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि 100 दिवस निक्षय अभियान का पहले दिन से ही प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अभियान की सतत मॉनिटरिंग कर प्रति सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने पंचायतों के नोडल अधिकारियों को अपने क्षेत्र में एचआरपीडब्ल्यू क्लिनिक का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करेंदृ कलेक्टर
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। आरसीएमएम में दर्ज प्रकरणों का वित्तीय वर्ष के शेष दिनों में शत-प्रतिशत निराकरण कर ए-ग्रेड प्राप्त करने के प्रयास किए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में नीमच जिला हमेशा ए-ग्रेड में रहा है और प्रदेश स्तर पर भी यह उपलब्धि बरकरार रहनी चाहिए।