रतलाम। जिले में इजराइल-ईरान युद्ध के बीच पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी को रोकने के लिए प्रशासन ने नया आदेश लागू किया है। बुधवार को शहर के चालू पेट्रोल पंपों पर भीड़ को देखते हुए दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपए और चार पहिया वाहनों को 500 रुपए का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के चलते मंगलवार को 3 गुना अधिक खरीदी होने से कृत्रिम किल्लत की स्थिति बन गई है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने बोतलों और ड्रम में फ्यूल देने पर रोक लगा दी है। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने आम जनता से अपील जारी करते हुए कहा है कि, ष्पेट्रोल और डीजल को लेकर के कुछ भ्रांतियां और अफवाह बनाई जा रही हैं। हमारे देश, प्रदेश और जिले में तेल की उपलब्धता और सप्लाय निर्बाध बनी हुई है। किसी प्रकार की सप्लाय में कमी या दिक्कत नहीं है।ष् उन्होंने आगे कहा कि, “परंतु अफवाह को सुनते हुए लोग फुल टंकी या बोतल इत्यादि में ले जाने की मांग कर रहे हैं। कल भी अफवाह सुन कर जिले में 3 गुना खरीदी की गई। इससे हम कृत्रिम कमी को जन्म दे रहे हैं और किसी आवश्यक को तेल से वंचित कर सकते हैं।” कलेक्टर ने अफवाहों का खंडन करते हुए कहा, ष्गलत और सोशल मीडिया की ख़बरों पर ध्यान मत दीजिए। जिले में कुछ पेट्रोल पम्प बंद थे उनके कारण है कि पिछले सप्ताह अवकाश में उनके द्वारा ऑर्डर भेजने में देरी, और कुछ पम्प वित्तीय कारण से 10 से 15 दिन से काम नहीं कर रहे , जिन्हें ऐसा दिखाया गया कि तेल की किल्लत है।ष् उन्होंने जानकारी दी कि, ष्आज कुछ पेट्रोल पम्प थोड़ा देर से चले जिससे वह अपना स्टॉक प्राप्त कर भर सकें। शेष में समय से तेल आ रहा है और तेल कंपनी से यह जानकारी हमें मिल भी रही है कि किसी प्रकार की कमी नहीं है। अनावश्यक पैनिक नहीं हो, आपकी सूझ बुझ से गलत जानकारी के प्रभाव को रोकने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।ष् वर्तमान में रतलाम के कुछ पेट्रोल पंप बंद हैं। जो पंप चालू हैं, वहां पर लोगों की भारी भीड़ आ रही है। स्थिति को संभालने और सभी को पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है कि चालू पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहनों को 200 रुपए और चार पहिया वाहनों को 500 रुपए से अधिक का ईंधन नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों का भी कहना है कि उनके पास स्टॉक की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोग अफवाहों के कारण जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं। मंगलवार दोपहर को रतलाम शहर के फव्वारा चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के बंद होने की खबर सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इसके बाद इजराइल-ईरान युद्ध का हवाला देते हुए पेट्रोल खत्म होने और कीमतें बढ़ने की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। देखते ही देखते रतलाम शहर सहित जावरा, पिपलौदा और कालूखेड़ा के पेट्रोल पंपों पर लोगों की कतारें लग गईं। पिपलौदा और कालूखेड़ा में लोग खाली केन और ड्रम लेकर पहुंच गए। पैनिक की इस स्थिति को देखते हुए रात में ही प्रशासनिक अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों के स्टॉक का सत्यापन किया और वाहन चालकों को ड्रम या बोतल में किसी भी स्थिति में फ्यूल देने पर रोक लगा दी।