मंदसौर। जिले के संजीत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोबड़ा में मंगलवार देर रात एक करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ रिहायशी इलाके में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11.30 बजे ग्रामीणों ने रहवासी क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और रात करीब 1 बजे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगा।
वन विभाग के अधिकारी पुष्कर मालवीय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। रेस्क्यू टीम में वन रक्षक जितेंद्र सिंह पंवार, कादर गोंदिया और दीपक नागर शामिल रहे, जिन्होंने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को पकड़ा।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से चंबल नदी के बैकवॉटर क्षेत्र में छोड़ा। यह क्षेत्र संजीत के पास स्थित है। रात करीब 2.30 बजे मगरमच्छ को नदी में छोड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की सतर्कता से इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।