नीमच। जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जनभागीदारी से किए जा रहे तालाब गहरीकरण, अमृत सरोवर निर्माण एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का विभिन्न गांवों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, जनपद सीईओ आरिफ खान, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने नीमच विकासखंड के ग्राम ढोलपुरा में अंकुर उपवन में पौधारोपण कार्य का अवलोकन किया और कार्य की सराहना की। इसके बाद उन्होंने नाले पर जनभागीदारी से प्रस्तावित बड़े तालाब निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सरपंच एवं उपयंत्री को मिट्टी निकालकर मजबूत पाल बनाने तथा बड़ा जलाशय तैयार करने के निर्देश दिए।
ढोलपुरा में 15 लाख रुपये की विधायक निधि से बन रहे सामुदायिक डोम निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने फर्श पर डाली गई मिट्टी का कम्पेक्शन कराने के निर्देश दिए। इसी दौरान पास के जलाशय में मगरमच्छ दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देकर उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर गांधी सागर जलाशय में छोड़ने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने थड़ोली में प्रस्तावित अमृत सरोवर स्थल का निरीक्षण कर सरोवर का आकार बढ़ाने और पाल मजबूत करने के निर्देश दिए। ग्राम जावी में अमृत सरोवर (डग आउट) निर्माण कार्य का अवलोकन कर जल भराव क्षमता बढ़ाने, अतिरिक्त मिट्टी निकालने तथा पानी का उपयोग मत्स्य पालन के लिए करने के निर्देश दिए।
सेमली चंद्रावत में जनभागीदारी से बन रहे तालाब और वेस्टवियर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्य की सराहना की गई। कलेक्टर ने तालाब से निकली मिट्टी किसानों एवं सड़क निर्माण के उपयोग के लिए देने की अनुमति देने को कहा तथा वेस्टवियर का लेवल जांचने के निर्देश भी दिए।
कुचड़ौद पंचायत के ग्राम धोकलखेड़ा में प्रस्तावित अमृत सरोवर स्थल का निरीक्षण कर कलेक्टर ने स्थल को उपयुक्त बताते हुए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने तथा सरोवर को गहरा बनाने के निर्देश दिए।