रतलाम जिले में पुलिस की सायबर सेल ने विशेष अभियान चलाते हुए करीब 20 लाख रुपए कीमत के 100 गुम हुए मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। बुधवार दोपहर पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने लोगों को उनके मोबाइल लौटाए।
सायबर सेल ने इन मोबाइलों को CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी जांच कर ट्रेस किया और रतलाम सहित 7 अलग-अलग जिलों से बरामद किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि ये मोबाइल रास्ते में गिरे थे जिन्हें दूसरे लोग इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि लावारिस या गिरा हुआ मोबाइल मिलने पर उसे पास के थाने में जमा कराएं, ऐसा करने वालों को पुलिस द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि गुम हुए मोबाइल की शिकायतों के चलते एक विशेष अभियान चलाया गया था। सायबर सेल ने CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर उन्हें ट्रेस किया।
बरामद किए गए ये मोबाइल फोन रतलाम, इंदौर, धार, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और झाबुआ समेत विभिन्न स्थानों से प्राप्त किए गए हैं। बुधवार को जब लोगों को उनके मोबाइल दिए गए तो सभी के चेहरे पर खुशी थी। इस दौरान एएसपी विवेक कुमार लाल, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया एवं साइबर टीम मौजूद थी।
रास्ते में गिरे मिले थे मोबाइल, अनजाने में उपयोग कर रहे थे लोग
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि अधिकांश मोबाइल फोन अलग-अलग व्यक्तियों को रास्ते में गिरे हुए मिले थे। मोबाइल मिलने के बाद संबंधित लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय अनजाने में उनका उपयोग करना शुरू कर दिया था।
पुलिस द्वारा ट्रेसिंग के बाद ऐसे व्यक्तियों से मोबाइल जब्त किए गए और उन्हें समझाइश दी गई है कि भविष्य में किसी का मोबाइल मिलने पर उसे तुरंत निकटतम थाने में जमा कराएं।
पुलिस की अपील- फोन मिलने पर थाने में जमा कराएं, मिलेगा इनाम
इस कार्रवाई के बाद रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को कोई गुम हुआ मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे अपने पास ना रखें।
पुलिस ने कहा है कि उस मोबाइल को निकटतम पुलिस थाने में जमा कराएं। ऐसा करने वाले ईमानदार व्यक्तियों को पुलिस द्वारा उचित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।