कसरावद। निमाड़ अंचल के प्रसिद्ध चार दिवसीय गणगौर पर्व का कसरावद नगर में भावुक माहौल के बीच समापन हुआ। हजारों श्रद्धालु माता की बाड़ी में एकत्रित हुए, जहां गणगौर माता के ज्वारों के अंतिम दर्शन के लिए विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।
माता गणगौर की विदाई के दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा, आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने ज्वारों को गले लगाकर नम आंखों से विदाई दी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना कर ज्वारों का विसर्जन किया गया।
इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-ताशों की गूंज और भक्ति गीतों के बीच पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
एसडीएम सत्येंद्र बेरवा के अनुसार आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गईं, वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में अहम भूमिका निभाई।
तीन दिनों तक चले इस पारंपरिक पर्व का समापन हर्षाेल्लास और भावुकता के साथ हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि की कामना की।