मनासा। इस वर्ष जन शिक्षा केंद्र स्तर पर महत्वपूर्ण प्रश्न संग्रह तैयार कर पूरे जिले में वितरित किए गए। वर्ष की शुरुआत से ही कलेक्टर के मार्गदर्शन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एवं डीपीसी के निर्देशानुसार सतत लक्ष्य निर्धारित करते हुए परिणामोन्मुखी योजना बनाकर तैयारी की गई।
अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के बाद ग्रेड-वाइज विश्लेषण किया गया तथा प्रत्येक ग्रेड के विद्यार्थियों को उच्च ग्रेड में लाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। इसके तहत कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों द्वारा रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने तथा उन्हें सरल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
समस्त शिक्षकों, जन शिक्षकों, ब्लॉक अकादमिक समन्वयकों, बीआरसीसी तथा शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों के सतत प्रयासों से नीमच जिला गुणवत्तायुक्त परिणाम प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर हुआ है।
जिला अकादमिक समन्वयक पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने कहा कि यह गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि दोनों कक्षाओं में जिले के आधे से अधिक विद्यार्थी ए-प्लस और ए ग्रेड में आ रहे हैं, जो अपने आप में अद्भुत और अप्रतिम उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगे भी बेहतर परिणाम लाने का संकल्प व्यक्त किया।