कुकड़ेश्वर। मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता महाअभियान एवं आयुक्त के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर परिषद कुकड़ेश्वर में स्वच्छता गतिविधियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में 23 मार्च 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार, लेखपाल रमेशचंद्र मोदी, पार्षदगण एवं नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा वार्ड क्रमांक 03 एवं 04 (चौधरी मोहल्ला) का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान वार्डों में नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मौके पर मौजूद दरोगा एवं जमादारों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त करने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से शहर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है।