नीमच। कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आयुष भवन में आगामी जनगणना को लेकर फील्ड ट्रेनर्स की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला गुरुवार को संपन्न होगी। प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर के निर्देशन में 24, 25 एवं 26 मार्च तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 38 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण की तैयारियों को मजबूत करना तथा फील्ड स्तर पर कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर्स को जनगणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान ऑनलाइन एप के माध्यम से जनगणना कार्य करने का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे ट्रेनर्स डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझ सकें। इस बार जनगणना का कार्य मोबाइल एप के माध्यम से किया जाएगा।
प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण भाग फील्ड प्रैक्टिकल रहा, जिसमें ट्रेनर्स को क्षेत्र में भेजकर पांच-पांच मकानों की ट्रायल गणना करवाई गई। इस अभ्यास के माध्यम से उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में सर्वे कार्य करने का अनुभव प्राप्त हुआ, ताकि आगामी जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की व्यावहारिक कठिनाई न आए।
जानकारी के अनुसार जनगणना का प्रथम चरण 1 मई से प्रारंभ होगा, जिसमें मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण वर्ष 2027 में संपन्न होगा। अप्रैल माह में यही प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स तहसील स्तर पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना कार्य जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक सुचारू रूप से संचालित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजेश मौर्या एवं मनोज जैन द्वारा प्रशिक्षण दिया गया, जबकि कार्यक्रम के जिला प्रभारी संदीप धोरे रहे।