नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को टॉप-10 में शामिल कराने के उद्देश्य से रात्रिकालीन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर रात नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने टैगोर मार्ग पर चल रहे सफाई अभियान का पैदल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान करीब 15 सफाई कर्मियों की दो टीमें रात्रि में सड़क की सफाई करती हुई मिलीं। इस दौरान स्वास्थ्य सभापति सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित थे। अध्यक्ष एवं सीएमओ ने सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों ने टैगोर मार्ग पर पैदल भ्रमण कर दुकानदारों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने सफाई के बाद मिट्टी छोड़ दिए जाने की शिकायत की, जिस पर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार समझाइश के बाद भी गंदगी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि टैगोर मार्ग शहर का मुख्य मार्ग है और रात्रि में वाहनों की आवाजाही कम होने से सफाई कार्य बेहतर तरीके से किया जा सकता है, जिससे सुबह शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
बोहरा गली के रहवासियों की शिकायत पर वहां भी रात्रि में कचरा वाहन चलाने की व्यवस्था करने की घोषणा की गई। अध्यक्ष चोपड़ा ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता से बीमारियां दूर रहती हैं और शहर को नंबर-1 बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक भेरू अहीर, भारद्वाज, गोपाल नरवाले, अविनाश घेघट, दरोगा ऋषि, गैंग प्रभारी दीपक गौहर एवं आकाश सौदे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।